CM धामी का सख्त संदेश
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला प्रशासन को चेताते हुए कहा कि अधिकारी अपनी पूरी टीम के साथ ग्राउंडज़ीरो पर तैनात रहें और हर स्थिति की रियल टाइम मॉनिटरिंग करें।

मुख्यमंत्री ने खासतौर पर यह सुनिश्चित करने को कहा कि बारिश के चलते कहीं भी सड़कें बाधित हों, तो उन्हें तुरंत खोला जाए। बिजली और पेयजल आपूर्ति में कोई बाधा आने पर उसे तत्काल बहाल किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग टूटने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग शीघ्र तैयार करने को कहा गया है। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारियों की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री धामी ने फसलों को हुई क्षति का त्वरित आकलन कर किसानों को शीघ्र राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई प्राथमिकता पर की जाए। इसके साथ ही धामी ने निर्देश दिया कि भारी वर्षा के बाद सड़क, पुल, नाली जैसे अवस्थापना विकास कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की नियमित समीक्षा कर कार्यों की गति बढ़ाने पर भी बल दिया।

धामी ने दो टूक कहा कि आपदा के समय किसी भी अधिकारी की निष्क्रियता या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि राहत और बचाव कार्यों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई हो। इस सख्त संदेश के साथ सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मानसून की मार झेल रहे उत्तराखंड में अब प्रशासन को हर मोर्चे पर पूरी तत्परता और ज़िम्मेदारी से काम करना होगा।
