मूसलाधार बारिश से ऋषिकेश बेहाल
ऋषिकेश। उत्तराखंड में मानसून की पहली मूसलधार बारिश ने ऋषिकेश सहित आसपास के इलाकों में तबाही मचा दी है। बीते 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा और चंद्रभागा नदियां रौद्र रूप में बह रही हैं। गंगा चेतावनी रेखा तक पहुंच चुकी है, जबकि चंद्रभागा नदी ने पहली बार इस सीजन में खतरनाक तेवर दिखाए हैं।

नदी किनारे बसे निचले इलाकों में हालात चिंताजनक हो गए हैं। गंगा घाटों से लेकर चंद्रभागा नदी के किनारे बनी पार्किंगों तक पानी भर गया है। कई दुकानों और घरों में पानी घुसने की खबरें भी सामने आ रही हैं। जल पुलिस और SDRF की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और मुनादी के माध्यम से लोगों से नदियों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
प्रशासन सतर्क, यात्रा पर भी चेतावनी जारी

ऋषिकेश प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है और निचले इलाकों में लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। साथ ही, पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की सख्त हिदायत दी गई है।
जलस्तर में तेजी से हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए जल संसाधन विभाग भी अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों तक भारी वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा तक पहुंच गया है। वहीं चंद्रभागा नदी पहली बार रौद्र रूप में आई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर SDRF और जल पुलिस को तैनात किया गया है। साथ ही पर्वतीय मार्गों पर जाने से परहेज करने को कहा गया है। नागरिकों से अपील है कि वह अफवाहों से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
