जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी में एडीबी सहायतित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
हल्द्वानी। हल्द्वानी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शनिवार को कैंप कार्यालय में एडीबी वित्त पोषित उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) के तहत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

मानसून से पहले सभी कार्य पूरे करने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी कार्य पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कार्यों में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।

गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता
डीएम रयाल ने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कराए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आपसी समन्वय से हों सभी कार्य
यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि विभिन्न विभागों से आवश्यक अनुमतियां लेने की प्रक्रिया जारी है। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि सभी विभाग, कार्यदायी संस्थाएं और स्टेकहोल्डर आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें।
अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण पर जोर
जिलाधिकारी ने नगर के जिन क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाया जाना है, वहां लोक निर्माण विभाग और कार्यदायी संस्था को शीघ्र कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बरेली रोड पर चिह्नित अतिक्रमण को भी जल्द हटाने के आदेश दिए गए।
शनि बाजार नाले से किसानों की समस्या पर त्वरित समाधान के निर्देश
बैठक में शनि बाजार नाले को सिंचाई नहर में मिलाने से क्षेत्र के किसानों को हो रही समस्याओं पर चर्चा हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि ग्रामीणों के साथ तत्काल बैठक कर समस्या का समाधान किया जाए।
नमो भवन निर्माण पर शासन को पुनः पत्राचार
हल्द्वानी में नमो भवन के निर्माण की प्रगति पर चर्चा के दौरान वित्तीय स्वीकृति न मिलने का विषय सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबंधक को शासन को पुनः पत्राचार करने के निर्देश दिए।
साप्ताहिक निरीक्षण के निर्देश
डीएम ने नगर आयुक्त और उपजिलाधिकारी हल्द्वानी को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक सप्ताह सभी कार्यदायी संस्थाओं के साथ स्थलीय निरीक्षण करें, ताकि कार्य समय पर पूरे हो सकें।
