उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान को मिली अहम कामयाबी
बागेश्वर। उत्तराखंड सरकार की ओर से साल 2025 तक नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत कपकोट पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके के निर्देश और क्षेत्राधिकारी मनीष शर्मा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 02.511 किलोग्राम अवैध चरस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने दिनांक 3 अगस्त 2025 को शामा बैण्ड कपकोट के पास एक वाहन संख्या UK 02 TA 2854 को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान 38 साल के चंचल सिंह पुत्र मान सिंह के तौर पर हुई है, जो झूनी, थाना कपकोट का रहने वाला है और उसके पास से 0.903 किलोग्राम चरस बरामद की गई है। दूसरा अभियुक्त 25 साल का लोकपाल सिंह पुत्र उत्तम सिंह है, जो झूनी, थाना कपकोट का रहने वाला है और उसके पास से 0.804 किलोग्राम चरस मिली है। 32 साल का तीसरा अभियुक्त विक्रम सिंह पुत्र चामू सिंह है, जो झूनी, थाना कपकोट का रहने वाला है और उसके पास से 0.804 किलोग्राम चरस पुलिस ने पकड़ी है।
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना कपकोट में मु.अ.सं. 31/2025, धारा 8/20/60 NDPS Act के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी एकत्र की जा रही है। आगे की विधिक कार्यवाही के उपरांत उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

वहीं इस सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर की ओर से टीम को 2500 रुपए नकद इनाम देने की घोषणा की गई है। इस टीम में उ0नि0 जीवन सामंत, हे0कानि0 लक्ष्मण सिंह, कानि0 हरीश सनवाल, कानि0 अशोक टम्टा और कानि0 अमजद खान शामिल थे। पलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि बागेश्वर पुलिस नशे के खिलाफ गंभीरता से अभियान चला रही है और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
