ढोलीगांव में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ देते अधिकारी
ओखलकाण्डा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार की जनसेवा आधारित पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विकासखंड ओखलकाण्डा की न्याय पंचायत सुनकोट के ढोलीगांव में एक बहुद्देशीय शिविर का सफल आयोजन किया गया।

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाए बिना एक ही स्थान पर राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रदान करना रहा।
212 ग्रामीणों को मिला सीधा लाभ, 43 शिकायतों का त्वरित समाधान

शिविर में लगभग 212 लोगों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर योजनाओं का सीधा लाभ लिया। ग्रामीणों द्वारा व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़ी समस्याएं भी रखी गईं, जिन पर विभागवार कार्यवाही करते हुए 43 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर में व्यापक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं—
- एलोपैथिक चिकित्सा विभाग द्वारा 104 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाएं वितरित की गईं
- होम्योपैथी विभाग द्वारा 49 लोगों का परीक्षण
- आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 66 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दी गईं
ग्रामीणों ने गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाएं मिलने पर सरकार और प्रशासन का आभार जताया।
कृषि, पशुपालन और उद्यान विभाग से किसानों को राहत
- कृषि विभाग द्वारा 16 कृषकों को कृषि यंत्र वितरित किए गए
- पशुपालन विभाग द्वारा 15 पशुपालकों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया
- उद्यान विभाग द्वारा 19 काश्तकारों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया
इन योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
राजस्व, विद्युत और विकास विभाग की सेवाएं
- राजस्व विभाग द्वारा 33 प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए गए
- ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 51 प्रमाण पत्र निर्गत किए गए
- विद्युत विभाग द्वारा 6 नए विद्युत संयोजन और बिल संशोधन से संबंधित कार्य किए गए
- बाल विकास विभाग द्वारा 18 लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया
- सहकारिता विभाग द्वारा 2 व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिया गया
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी
शिविर में दर्जा राज्यमंत्री शांति महरा, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, क्षेत्र प्रमुख के.डी. रूवाली, जिला पंचायत सदस्य बहादुर सिंह नगदली, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, मनोज सुयाल, जिला सहायक निबंधक नैनीताल डी.एस. नपलच्याल, खंड विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने सरकार की इस पहल को जनता के लिए बेहद उपयोगी और प्रभावी बताया।
