नववर्ष के अवसर पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश जारी करते कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत
नैनीताल। नववर्ष के अवसर पर कुमाऊं मंडल में पर्यटकों और आमजन की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने पुलिस, राजस्व, परिवहन तथा आबकारी विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पर्यटन व धार्मिक स्थलों पर बढ़ती भीड़ को लेकर विशेष सतर्कता
मंडलायुक्त ने कहा कि नववर्ष के दौरान कुमाऊँ मंडल के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इस दौरान ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और ड्रंक एंड ड्राइव की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

संयुक्त टीमें चलाएंगी सघन वाहन चेकिंग अभियान
इन परिस्थितियों को देखते हुए मंडल के सभी जनपदों में
➡ प्रशासन
➡ पुलिस विभाग
➡ परिवहन विभाग
➡ आबकारी विभाग
की संयुक्त टीमें नियमित रूप से सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित करेंगी। चेकिंग के दौरान सभी कार्रवाई का पूरा दस्तावेजीकरण और फोटोग्राफिक साक्ष्य अनिवार्य रूप से रखा जाएगा।
कोहरे में सड़क किनारे खड़े वाहनों पर विशेष कार्रवाई
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि वर्तमान में कुमाऊँ क्षेत्र में घने कोहरे के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक और वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
उन्होंने निर्देश दिए कि
➡ मार्ग किनारे खड़े वाहनों को तत्काल हटाया जाए,
➡ दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
पार्टी स्थलों पर फायर सिस्टम और पार्किंग अनिवार्य
नववर्ष पर होने वाली पार्टियों और आयोजनों को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।
मंडलायुक्त ने कहा कि जहां भी नववर्ष समारोह आयोजित किए जाएं, वहां
✔ फायर सेफ्टी सिस्टम अनिवार्य
✔ समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित
की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से बचा जा सके।
डीएम और एसएसपी को कड़ाई से अनुपालन के निर्देश
आयुक्त कुमाऊं ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि जारी आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाला हर पर्यटक सुरक्षित रहे और अपने साथ सुखद अनुभव व यादें लेकर लौटे।
