रुद्रपुर के संजय वन में सौंदर्यकरण कार्यों का औचक निरीक्षण करते सांसद अजय भट्ट।
रुद्रपुर। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार सुबह अपने ड्रीम प्रोजेक्ट संजय वन का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। यह संजय वन रुद्रपुर के रामपुर रोड पर स्थित है, जिसे पर्यटन की दृष्टि से नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है।

सुबह से ही दिखी पर्यटकों और बच्चों की चहल-पहल
निरीक्षण के दौरान सांसद अजय भट्ट ने देखा कि संजय वन में सुबह से ही पर्यटकों, परिवारों और छोटे बच्चों की अच्छी खासी भीड़ मौजूद है। इसे देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और कहा कि यह दर्शाता है कि संजय वन अब धीरे-धीरे पर्यटन का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनता जा रहा है।

सौंदर्यकरण कार्यों की ली विस्तृत जानकारी
करीब डेढ़ घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान सांसद ने वन विभाग के अधिकारियों से संजय वन में चल रहे सौंदर्यकरण, सुरक्षा और पर्यटक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं।
कुमाऊंनी शैली का भव्य प्रवेश द्वार जल्द
सांसद अजय भट्ट ने बताया कि संजय वन के लिए कुमाऊंनी शैली में भव्य मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाना है, जिसके लिए 74 लाख रुपये की लागत की योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने डीएफओ को निर्देश दिए कि मुख्य द्वार का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर जल्द पूरा किया जाए।
इलेक्ट्रिक वाहन से पार्क भ्रमण की तैयारी
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संजय वन के भीतर इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से भ्रमण व्यवस्था विकसित की जा रही है। इससे बुजुर्गों, बच्चों और परिवारों को पार्क घूमने में आसानी होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
सुरक्षा के लिए चौकी और सोलर फेंसिंग
सांसद ने पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संजय वन परिसर में एक सुरक्षा चौकी खोलने का प्रस्ताव रखा। साथ ही उन्होंने प्रभागीय वन अधिकारी को निर्देश दिए कि संजय वन के चारों ओर लगी सोलर फेंसिंग की वोल्टेज बढ़ाई जाए, ताकि क्षेत्र पूरी तरह वन्यजीवों से सुरक्षित रह सके।
भविष्य में पर्यटक आवास की भी योजना
सांसद ने कहा कि आने वाले समय में संजय वन में पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे यह स्थान एक पूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित हो सके।
सचिव वन से की दूरभाष पर वार्ता
निरीक्षण के दौरान सांसद अजय भट्ट ने सचिव वन आरके सुधांशु से दूरभाष पर बातचीत कर संजय वन से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा कराने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र संजय वन का उद्घाटन कराया जाएगा।
नवग्रह, राशियों और हाईटेक नर्सरी बना आकर्षण
सांसद ने बताया कि संजय वन में हाईटेक नर्सरी, वन्यजीव पार्क, नवग्रह वाटिका और 12 राशियों के अनुसार विकसित सुंदर पार्क बनाए गए हैं, जो पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
