मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंद्रमणि बडोनी की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के गांधी के नाम से प्रसिद्ध महान राज्य आंदोलनकारी श्री इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंद्रमणि बडोनी के उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में दिए गए ऐतिहासिक और अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन संघर्ष, त्याग और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बडोनी जी केवल एक आंदोलनकारी नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आत्मा थे, जिन्होंने शांतिपूर्ण, वैचारिक और जनआंदोलन के माध्यम से राज्य की मांग को मजबूती दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्री इंद्रमणि बडोनी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन को स्पष्ट दिशा और जनशक्ति प्रदान की। उनके विचारों ने पहाड़ के आम लोगों को एकजुट किया और राज्य निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि सत्य, अहिंसा और दृढ़ निश्चय से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बडोनी जी के विचार, आदर्श और राज्यहित के प्रति निस्वार्थ सेवा भाव आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान राज्य सरकार उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इंद्रमणि बडोनी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

