कुसुमखेड़ा स्थित राधिका ज्वेलर्स, जहां देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर में अब तक की सबसे बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। मुखानी थाना क्षेत्र के कुसुमखेड़ा इलाके में स्थित राधिका ज्वेलर्स में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए एक करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी चोरी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पीछे से दाखिल हुए चोर, नकदी भी ले गए
प्रारंभिक जांच के अनुसार, चोर देर रात ज्वेलरी शोरूम के पीछे की ओर से अंदर घुसे। शोरूम में रखे कीमती सोने और चांदी के आभूषणों के साथ-साथ चोरों ने नकदी भी चोरी कर ली। चोरी इतनी सुनियोजित थी कि किसी को भनक तक नहीं लगी।

बड़ी तिजोरी काटने की कोशिश, नाकाम रहे चोर
चोरों ने शोरूम में रखी एक बड़ी तिजोरी को काटने का भी प्रयास किया, लेकिन वह पूरी तरह सफल नहीं हो सके। यदि तिजोरी भी टूट जाती, तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
निर्माण कार्य बना चोरी का जरिया
ज्वेलरी शोरूम के मालिक नवनीत शर्मा ने बताया कि शोरूम के बगल में एक दुकान का निर्माण कार्य चल रहा था। आशंका है कि इसी निर्माण स्थल का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
बड़े गैंग की आशंका, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
चोरी के तरीके को देखते हुए किसी बड़े और पेशेवर गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर मुखानी थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।
फॉरेंसिक टीम मौके पर, CCTV खंगाले जा रहे
मौके पर बुलाई गई फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच की कमान सीओ सिटी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम संभाले हुए है और हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है।
