DM ललित मोहन रयाल ने एसआईआर प्रक्रिया और बीएलए नियुक्ति पर राजनीतिक दलों को जानकारी दी
हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया कुमाऊं में औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

संविधान और अधिनियम के आधार पर पंजीकरण का अधिकार
DM ने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 326 और लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 के अनुसार:

- नागरिक भारत का नागरिक हो,
- 18 वर्ष से कम आयु न हो (अर्हता तिथि पर),
- और किसी कानून के तहत अयोग्य न हो,
तो वह मतदाता सूची में पंजीकरण का अधिकार रखता है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में अंतिम बार गहन पुनरीक्षण वर्ष 2003 में किया गया था और अब निर्वाचन आयोग द्वारा तृतीय चक्र में पुनः यह प्रक्रिया शुरू की गई है।
नागरिकता पात्रता और दस्तावेज़
नागरिकता अधिनियम 1955 के आधार पर जन्म वर्ष और पात्रता को तीन श्रेणियों में बताया गया। साथ ही एसआईआर में स्वीकार्य दस्तावेजों की सूची भी प्रस्तुत की, जिनमें शामिल हैं—
- सरकार/PSU के कर्मचारियों के पहचान पत्र या PPO,
- पासपोर्ट, जन्म प्रमाण पत्र,
- शैक्षिक प्रमाण पत्र (मैट्रिक/विश्वविद्यालय),
- स्थायी निवास प्रमाण पत्र,
- वन अधिकार प्रमाण पत्र,
- जाति प्रमाण पत्र,
- परिवार रजिस्टर
- भूमि/मकान आवंटन प्रमाण पत्र आदि।
DM ने स्पष्ट किया कि आधार कार्ड नागरिकता का प्रमाण नहीं है, यह केवल पहचान का आधार है।
बीएलए (Booth Level Agent) की भूमिका महत्वपूर्ण
DM ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने निर्देश जारी किए हैं कि राजनीतिक दल प्रत्येक बूथ के लिए बीएलए नियुक्त करें, जो मतदाता सूची में मृत या स्थानांतरित प्रविष्टियों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि:
- भाजपा और कांग्रेस द्वारा बीएलए-1 की नियुक्ति हो चुकी है
- भाजपा ने 212 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं
- अन्य दलों से 20 दिसम्बर तक सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया
बूथ अवेयरनेस ग्रुप का गठन
एसआईआर के प्रभावी संचालन हेतु बूथ अवेयरनेस ग्रुप बनाए जा रहे हैं, जिसमें—
- बीएलओ सुपरवाइज़र (अध्यक्ष),
- बीएलओ (सदस्य),
- ग्राम पंचायत अधिकारी/मनरेगा स्टाफ,
- तथा राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए
शामिल होंगे।
बैठक में उपस्थित रहे
अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी राहुल शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, कांग्रेस से सुहेल अहमद सिद्दीकी, राहुल छिमवाल, गोविंद बिष्ट, भाजपा से प्रकाश पटवाल, रंजन सिंह बर्गली, दिनेश चंद्र खुल्बे, बसपा से आसिफ हुसैन, कृष्ण चंद्र सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
