गैरसैंण में आयोजित रजत जयंती समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और 142 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया।
गैरसैंण। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर में राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राज्य आंदोलनकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने जनपद की 142.25 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिसमें 43.63 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण तथा 98.62 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल था।
शहीदों और आंदोलनकारियों के सम्मान में झुका मुख्यमंत्री का सर

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की रजत जयंती उन अमर बलिदानियों और आंदोलनकारियों को समर्पित है जिन्होंने इस राज्य के निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने देश की रक्षा में शहीद हुए वीर जवानों को भी नमन किया।
‘स्पिरिचुअल कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड’ बनेगा उत्तराखंड: धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के रजत जयंती समारोह में शामिल होकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राज्य को 8200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलना, “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की दिशा में बड़ा कदम है।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को “विश्व की आध्यात्मिक राजधानी” (Spiritual Capital of the World) बनाने के मिशन पर काम कर रही है। राज्य में केदारखण्ड और मानसखण्ड के मंदिरों का पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण तीव्र गति से जारी है।
अटल बिहारी वाजपेयी को किया भावपूर्ण स्मरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि अटल जी ने हमें नया राज्य दिया और औद्योगिक पैकेज से विकास की नई राह खोली।
गैरसैंण को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी मॉडल पर विकसित करने के लिए मास्टर प्लान की डीपीआर तैयार की जा रही है। उन्होंने चौखुटिया, ज्योतिर्मठ और घनशाली को उड़ान योजना से जोड़ने की भी घोषणा की, जिससे हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
सारकोट गांव बनेगा मॉडल विलेज, गैरसैंण बनेगा विकास का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सारकोट गांव को गोद लेकर मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। स्थानीय लोगों और विभागों के सहयोग से यह गांव आत्मनिर्भर और आधुनिक ग्रामीण विकास का उदाहरण बनेगा।
विकास दर में तेजी, बेरोजगारी में गिरावट
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। राज्य की विकास दर तेजी से बढ़ी है, किसानों की आय में वृद्धि हुई है और बेरोजगारी में 4.4% की कमी दर्ज की गई है। उत्तराखंड को सतत विकास सूचकांक में देश में प्रथम स्थान तथा मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट अवॉर्ड भी प्राप्त हुआ है।
भू-माफिया और नकल माफिया पर सख्त कार्रवाई
सीएम धामी ने कहा कि राज्य में सख्त भू-कानून लागू किया गया है, जिससे भू-माफिया पर अंकुश लगा है। इसके अलावा नकल विरोधी कानून से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं का विश्वास बढ़ा है।
‘लोकल टू ग्लोबल’ मिशन से सशक्त होगा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “लोकल टू ग्लोबल” मंत्र को साकार करने में राज्य अग्रणी भूमिका निभा रहा है। राज्य में मंदिर माला मिशन, एक जिला एक मेला योजना और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देकर अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, प्रमोद नैनवाल, सुरेश गड़िया, प्रदीप बत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में आईटीबीपी, आईआरबी, पुलिस, एनसीसी महिला दस्ते और पीएसी बैंड द्वारा शानदार रैतिक परेड का प्रदर्शन किया गया।
