मातृ शक्ति उत्सव हल्द्वानी – रेखा आर्या ने महिलाओं की उपलब्धियों को किया सलाम
हल्द्वानी। राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर शनिवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से हल्द्वानी के मानसखंड खेल परिसर (गौलापार) में ‘मातृ शक्ति उत्सव’ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या रहीं। उन्होंने महिलाओं की उपलब्धियों, संघर्ष और योगदान को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड की स्थापना में मातृ शक्ति ने निर्णायक भूमिका निभाई थी और आज भी राज्य के विकास में महिलाएं अग्रणी हैं।

राज्य निर्माण से लेकर आधुनिक विकास तक का चित्रण
कार्यक्रम में प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड के राज्य आंदोलन, चिपको आंदोलन से लेकर आज के विकासशील उत्तराखंड की झलक दिखाई गई। मंचीय प्रस्तुतियों में महिलाओं के संघर्ष और उनकी समाज निर्माण में भूमिका को प्रभावी रूप से रेखांकित किया गया।

मंत्री रेखा आर्या का संदेश
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं अब सिर्फ घर तक सीमित नहीं, बल्कि हर क्षेत्र— शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, प्रशासन, विज्ञान और तकनीक— में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य है कि 2047 के विकसित भारत में उत्तराखंड की महिलाएं अग्रिम भूमिका निभाएं। उन्होंने मातृशक्ति से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
रैंप वॉक में झलका संस्कृति और आत्मविश्वास
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा रहा रैंप वॉक, जिसमें प्रतिभागियों ने खेती-किसानी करने वाली महिलाओं से लेकर इंजीनियर, डॉक्टर, पायलट, एयर होस्टेस और खिलाड़ी की भूमिकाओं को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। रैंप वॉक में उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा और आधुनिक परिधान का अद्भुत संगम देखने को मिला। दर्शकों ने इस प्रस्तुति को खूब सराहा।
विशेषज्ञों की परिचर्चा— भविष्य की दिशा पर विमर्श
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आईं महिला विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, न्याय, सामाजिक कार्य और डिजिटल मीडिया जैसे विषयों पर खुली परिचर्चा की। इसमें उन्होंने राज्य में महिलाओं की विकास यात्रा, उपलब्धियों और चुनौतियों पर मंथन किया और भविष्य के लिए ठोस सुझाव दिए।
नृत्य नाटिका ने बांधा समां
मंच पर प्रस्तुत नृत्य नाटिका ने पूरे कार्यक्रम का केंद्र बना। इसमें गौरा देवी के चिपको आंदोलन, राज्य आंदोलन में महिलाओं की भूमिका, कमला देवी चट्टोपाध्याय, और एकता बिष्ट जैसी प्रेरक महिलाओं की कहानियों को भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने इसे खड़े होकर सराहा।
कार्यक्रम में शामिल रहे अनेक जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, राज्य मंत्री शांति मेहरा, डीएम ललित मोहन रयाल, निदेशक बी.एल. राणा, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, केडी रुबाली, शांति भट्ट सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्त्री, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।
