गांधी पार्क, देहरादून में पर्वतीय कृषक और बागवान उद्यमी संगठन के बैनर तले किसानों ने हाथ में कटोरा लेकर सरकार से सब्सिडी भुगतान की मांग की। PHOTO CREDIT - X
देहरादून। राजधानी देहरादून के गांधी पार्क के बाहर आज पर्वतीय कृषक और बागवान उद्यमी संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में बागवानी किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों के समर्थन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा और उत्तराखंड क्रांति दल के नेता भी मौके पर पहुंचे।

किसानों ने हाथों में तख्तियां और कटोरे लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी की। उनका कहना है कि सरकार ने पहले उन्हें बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन अब न तो सब्सिडी मिल रही है और न ही मूलधन लौटाया गया है।
सरकार के वादे खोखले

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार ने बागवानी मिशन और उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं के तहत किसानों से निवेश करवाया, लेकिन वर्षों बाद भी भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कई बार विभागीय अधिकारियों और मंत्रियों से गुहार लगाने के बाद भी केवल आश्वासन ही मिला है।
हाथ में कटोरा लेकर प्रदर्शन
कृषकों ने कहा कि अब उनकी हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उन्हें हाथ में कटोरा लेकर प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ा है। किसानों का कहना है कि अगर सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो वे राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे।
राजनीतिक दल भी उतरे समर्थन में
इस मौके पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि सरकार किसानों की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है। वहीं, यूकेडी नेताओं ने कहा कि यह सरकार केवल “घोषणाओं की सरकार” बनकर रह गई है, किसानों की जमीनी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
