राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। PHOTO CREDIT - X
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन (देहरादून) में आयोजित “सांसद खेल महोत्सव” का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ यह महोत्सव देश के हर कोने में खेल प्रतिभाओं को गाँव से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का एक बड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में यह प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य है—“फिट इंडिया, स्पोर्ट्स इंडिया, स्ट्रॉन्ग इंडिया” के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना और पारंपरिक एवं लोक खेलों को नया जीवन देना।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। राज्य सरकार भी प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने रचा इतिहास

सीएम धामी ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।
स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान से बढ़ेगा खेल ढांचा
मुख्यमंत्री ने बताया कि “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” के तहत प्रदेश के आठ बड़े शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इन अकादमियों में हर साल लगभग 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की तैयारी
इस दौरान उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना तेजी से की जा रही है। साथ ही नई खेल नीति, मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी योजनाओं से राज्य के युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पुरस्कार और रोजगार में बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार शुरू कर खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मानित किया है। साथ ही राजकीय सेवाओं में 4% खेल कोटा को पुनः लागू किया गया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को अब “आउट ऑफ टर्न” सरकारी नौकरी भी दी जा रही है।
सांसद निधि से खेल मैदान और फर्नीचर
इस मौके पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री मोदी के सपने को पूरा करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने घोषणा की कि राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट तथा मेस फर्नीचर के लिए वे अपनी सांसद निधि से धनराशि देंगे।
कार्यक्रम में गणमान्य हुए शामिल
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास, मेयर सौरभ थपलियाल, सीडीओ अभिनव शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
