देहरादून में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ के बाद घायल बदमाशों को जौलीग्रांट अस्पताल लाया गया।
देहरादून। राजधानी देहरादून में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फरार बदमाश की तलाश में जंगल में कांबिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी डोईवाला अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल बदमाशों की पहचान दून चिकित्सालय फायरिंग केस के मुख्य अभियुक्तों के रूप में हुई है। बदमाशों के खिलाफ कोतवाली नगर, देहरादून में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। मौके से पुलिस ने एक स्कूटी, दो तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं।

मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी देहरादून स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जौलीग्रांट अस्पताल जाकर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायल बदमाशों से पूछताछ के बाद फरार साथी की पहचान स्पष्ट हो जाएगी। जंगल में देर रात तक सर्च ऑपरेशन जारी है।
एसएसपीदेहरादूननेकहाकिमुठभेड़ में घायल दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में वांछित थे। फरार बदमाश को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
