रोशनी और फूलों से सजा मंदिर परिसर
केदरानाथ। दिवाली पर्व पर उत्तराखंड के चार धामों — बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भव्य नजारा देखने को मिला। दीपों, फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे मंदिरों ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक आभा से भर दिया। धामों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

शनिवार शाम से ही धामों में पारंपरिक पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हुआ। मंदिरों के द्वार आकर्षक रोशनी से जगमगा उठे और पूरा परिसर दिव्य आलोक में नहा गया। बदरीनाथ धाम में भगवान विष्णु के दरबार में भजन-कीर्तन और विशेष आरती हुई तो वहीं केदारनाथ धाम में श्रद्धालु ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठे।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्ज्वलित किए। इस दौरान तीर्थनगरी में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। दीपावली की इस रात चारों धामों का नजारा किसी स्वर्ग से कम नहीं दिखा।

प्रशासन ने भी धामों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतज़ाम किए हैं। जगह-जगह पर पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात की गई हैं ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
