धनतेरस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में भाजपा जिला कार्यालय का लोकार्पण किया।
रुड़की। रुड़की में लंबे समय से प्रतीक्षित भाजपा जिला कार्यालय का सपना आखिरकार आज पूरा हो गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनतेरस के शुभ अवसर पर सांगठनिक जिला रुड़की में भाजपा जिला कार्यालय का विधिवत लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। रुड़की को सांगठनिक जिला घोषित किए जाने के बाद से ही यहां जिला कार्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। आज इस कार्यालय के बन जाने से संगठन को एक मजबूत ठिकाना मिल गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह कार्यालय रुड़की क्षेत्र की छह विधानसभाओं की समस्याओं के समाधान का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन भाजपा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, संगठनात्मक मजबूती और जनसेवा का प्रतीक रहेगा। सीएम धामी ने यह भी कहा कि धनतेरस के शुभ दिन इस कार्यालय का उद्घाटन होना एक सौभाग्य और शुभ संकेत है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं और जनता से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी अपनाओ’ संकल्प को सशक्त बनाएं और इस दिवाली भारत में बने उत्पादों को प्राथमिकता दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश के कारीगरों, लघु उद्यमियों और व्यापारियों को सीधा लाभ पहुंचेगा, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी।
