त्योहारों से पहले रुड़की में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दिल्ली नंबर के ट्रक से 10 क्विंटल मावा जब्त किया।
रुड़की। उत्तराखंड में दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों से ठीक पहले खाद्य मिलावट माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। रुड़की में स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मावा माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई की है। अमानतनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक दिल्ली नंबर DL1CT0544 का ट्रक पकड़ा गया, जिसमें करीब 10 क्विंटल मावा भरा हुआ था।

प्राथमिक जांच में मावा की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। मौके पर ही 25 किलो सड़ा हुआ मावा नष्ट कर दिया गया और बाकी मावे को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर लिया। ट्रक चालक कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि मावा मुजफ्फरनगर से लाया गया था।
ऑन-साइट जांच में फूड क्वालिटी टीम को मावे में गंदगी और मिलावट की आशंका भी मिली। कार्रवाई के दौरान मौके पर हड़कंप मच गया और आस-पास के इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान के प्रमुख अरुण शर्वण और फूड ऑफिसर दीपांशु गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम के साथ पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। जब्त मावा के सैंपल को देहरादून लैब में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहारों में मिलावट करने वालों की अब खैर नहीं। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
