उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अर्बन नक्सल गैंग प्रदेश में जिहादी मानसिकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में अब नया मोड़ आ गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एक सार्वजनिक मंच से विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब विपक्ष से भी ज़्यादा खतरनाक “अर्बन नक्सल गैंग” की सक्रियता है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड तेज़ी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन कुछ “अर्बन नक्सल गैंग” के लोग प्रदेश में जिहादी मानसिकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम ऐसे किसी भी तत्व को प्रदेश की शांति और विकास में खलल नहीं डालने देंगे।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सियासी माहौल और गर्मा गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सीएम धामी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर प्रदेश में अर्बन नक्सली गैंग की एंट्री हो चुकी है तो केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार क्या कर रही है?

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ऐसा सच में हो रहा है तो अब तक कोई ठोस कार्यवाही क्यों नहीं की गई। प्रीतम सिंह ने कहा कि क्या सरकारी तंत्र फेल हो गया है या सरकार खुद जनता को अर्बन नक्सल बता रही है? यह गंभीर और सोचने वाला विषय है। राज्य में चुनावी सियासत के बीच “अर्बन नक्सल गैंग” को लेकर मुख्यमंत्री और विपक्ष के बीच यह टकराव आने वाले दिनों में और तेज़ हो सकता है।
