सांसद अजय भट्ट ने नैनीताल में सरकारी बी.टेक कॉलेज खोलने की मांग की
हल्द्वानी। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जनपद नैनीताल में एक सरकारी बी.टेक कॉलेज की स्थापना की मांग की है। अजय भट्ट ने कहा कि उनके लोकसभा क्षेत्र में एक भी सरकारी बी.टेक कॉलेज नहीं है। इस वजह से गरीब और वंचित वर्ग के छात्र-छात्राओं को उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

गरीब छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत
भट्ट ने कहा कि बीपीएल श्रेणी में आने वाले कई छात्र बी.टेक जैसे प्रोफेशनल कोर्स में पढ़ना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति और संसाधनों की कमी के कारण वे अपने सपने पूरे नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि अगर क्षेत्र में एक सरकारी बी.टेक कॉलेज खुलता है तो न केवल युवाओं को पढ़ाई का मौका मिलेगा, बल्कि क्षेत्र का विकास भी तेज़ी से होगा।

रोजगार और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि सरकारी बी.टेक कॉलेज खुलने से युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही यह कॉलेज पूरे क्षेत्र के लिए तकनीकी शिक्षा का एक मजबूत केंद्र साबित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नैनीताल में जल्द से जल्द बी.टेक कॉलेज खोलने का निर्णय लिया जाए।
