कालाढूंगी में मिठाई प्रतिष्ठानों पर प्रशासनिक टीम ने निरीक्षण कर सैंपल लिए।
नैनीताल। दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए मिलावटी और घटिया मिठाइयों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सघन अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर उप जिला मजिस्ट्रेट कालाढूंगी के नेतृत्व में मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई।

निरीक्षण के दौरान दो प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिन्हें एफएसएस एक्ट की धारा 32 के तहत नोटिस भेजा जाएगा। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक दुकानों से 7 खाद्य नमूने (गुलाब जामुन, छैना स्वीट, जलेबी, खोया, चॉकलेट बाइट आदि) संदेह के आधार पर प्रयोगशाला विश्लेषण के लिए लिए गए हैं।
गंदगी पर कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण मिठाइयों के निर्देश

प्रशासन ने सभी मिठाई कारोबारियों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री बेचने, बिना बिल के खरीदारी न करने, स्टॉक का रिकॉर्ड रखने, प्रतिष्ठानों को साफ-सुथरा रखने और कर्मचारियों का मेडिकल टेस्ट करवाने के सख्त निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी विपिन पंत ने कहा कि त्योहारों के दौरान विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। किसी भी कीमत पर मिलावटी मिठाइयों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम की निगरानी, रोजाना छापेमारी
जिलाधिकारी और खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर जनपद में संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जो रोजाना निरीक्षण और कार्रवाई कर रही है। विभाग ने जनता से अपील की है कि जहाँ भी संदेहास्पद खाद्य सामग्री की बिक्री हो रही हो, तुरंत विभाग को सूचना दें। कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
अभियान में उप जिला मजिस्ट्रेट विपिन पंत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान, एआरओ चित्रा रौतेला, आपूर्ति निरीक्षक राजेन्द्र भट्ट, एसएसआई जयवीर सिंह, कांस्टेबल गगन भंडारी, हीरा राम, राजस्व उप निरीक्षक तारा चंद्र घिल्डियाल और हरीश गोस्वामी शामिल रहे।
