नव नियुक्त जिलाधिकारी ने हल्द्वानी में प्रेस संवाद के दौरान जनहित के लिए नई पहल की जानकारी दी।
हल्द्वानी। नव नियुक्त जिलाधिकारी नैनीताल ने पदभार संभालने के बाद मीडिया से संवाद में कहा कि “जनता हित में हर सकारात्मक पहल की जाएगी।” उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता को योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना और विकास कार्यों में पारदर्शिता लाना होगा। डीएम ने कहा कि मीडिया प्रशासन और जनता के बीच एक सशक्त सेतु का काम करता है। पत्रकार फील्ड रिपोर्टिंग के माध्यम से न केवल समस्याएं उजागर करते हैं, बल्कि नीतियों को दिशा देने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित प्रेस मीट आयोजित की जाएगी ताकि पत्रकारों और प्रशासन के बीच संवाद बना रहे।

खेल प्रशिक्षकों के लिए नई व्यवस्था, रविवार को बच्चों को मिलेगा प्रशिक्षण
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के हित में एक अहम कदम उठाते हुए खेल प्रशिक्षकों को रविवार के बजाय कार्यदिवसों में अवकाश देने का निर्णय लिया गया है। इससे रविवार को बच्चों को प्रशिक्षण का अधिक समय मिल सकेगा और खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

बुनियादी ढांचा और जनहित की योजनाओं को गति
डीएम ने कहा कि जिले में विकास कार्यों, महिला व बाल कल्याण योजनाओं, ग्रामीण और नगरीय जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत शीघ्र की जाए और चौड़ीकरण जैसी जनहित नीतियों को निरंतर जारी रखा जाए।
पत्रकारों ने दिया सुझाव, डीएम ने जताई सहमति
वरिष्ठ पत्रकारों ने संवाद के दौरान सुझाव दिया कि प्रशासन और मीडिया के बीच संवादहीनता खत्म होनी चाहिए। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि नियमित प्रेस मीट आयोजित की जाएगी। इससे जनता से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान में मदद मिलेगी। संवाद के दौरान जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, मीडिया सेंटर हल्द्वानी की सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, और विभिन्न संस्थानों के प्रेस प्रतिनिधि मौजूद रहे। पत्रकारों ने बुके देकर नवागंतुक जिलाधिकारी का स्वागत किया।
