सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते एम.बी.पी.जी. कॉलेज हल्द्वानी के छात्र नेता।
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर में तेजी से बढ़ रहे अवैध और आपत्तिजनक गतिविधियों वाले स्पा सेंटर्स पर अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के छात्र संघ अध्यक्ष अभिषेक गोस्वामी, सचिव, उपाध्यक्ष और कई छात्र नेताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर इन स्पा सेंटर्स पर कार्रवाई की मांग की है।

छात्र नेताओं का कहना है कि हल्द्वानी में कई स्पा सेंटर्स बिना वैध लाइसेंस, स्वास्थ्य प्रमाणन, नगर निगम की अनुमति और पुलिस सत्यापन के खुलेआम संचालित हो रहे हैं। इन सेंटर्स में मालिश और थेरेपी की आड़ में अनैतिक और आपत्तिजनक गतिविधियाँ की जा रही हैं, जो समाज के लिए एक गंभीर खतरा बन चुकी हैं।
छात्र संघ अध्यक्ष अभिषेक गोस्वामी ने कहा कि इस तरह के अवैध धंधे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और शहर की छवि को भी धूमिल कर रहे हैं।

छात्र संघ की मांगें:-
- सभी स्पा सेंटर्स का संयुक्त निरीक्षण किया जाए।
- बिना अनुमति चल रहे प्रतिष्ठानों को तुरंत सील किया जाए।
- संचालकों पर महिला सुरक्षा कानून, मानव तस्करी अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रशासन की कार्रवाई
छात्रों की मांग पर सिटी मजिस्ट्रेट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर के सभी स्पा सेंटर्स पर सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। इस कदम से शहर में चल रहे अवैध धंधों पर नकेल कसने की उम्मीद की जा रही है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अवैध स्पा सेंटर्स पर कार्रवाई से शहर का माहौल सुधरेगा और युवाओं को गलत गतिविधियों से दूर रखने में मदद मिलेगी।
