बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में अनियमितताओं को लेकर पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने उठाए गंभीर सवाल।
चमोली। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने वर्तमान अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को खुली चुनौती दी है कि वह समिति में उनके भाई की वेतन वृद्धि की जांच जल्द से जल्द करवाएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केवल एक मामले की जांच नहीं, बल्कि मंदिर समिति में चल रही सभी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

दरअसल, कुछ दिन पहले हेमंत द्विवेदी का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने मंदिर समिति में कार्यरत अजेंद्र अजय के भाई की वेतन वृद्धि को लेकर जांच की बात कही थी। इस पर अब अजेंद्र अजय ने पलटवार करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
QR कोड घोटाले का मामला दोबारा उठा

अजेंद्र अजय ने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने बेहद चर्चित QR कोड घोटाले को लेकर चमोली पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। लेकिन इस शिकायत को अब तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके दबाव में इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है?
पर्यटन और धर्मस्य विभाग पर भी निशाना
पूर्व अध्यक्ष ने पर्यटन विभाग और धर्मस्य विभाग को भी कटघरे में खड़ा किया। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार इन विभागों को लिखित शिकायतें भेजीं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने तंज कसा कि मेरी शिकायतें आज भी सरकारी फाइलों में धूल फांक रही हैं।
पूर्व सीईओ पर गंभीर आरोप
अजेंद्र अजय ने मंदिर समिति के पूर्व सीईओ बीडी सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति 2010 से लगातार मंदिर समिति से जुड़ा हुआ है। अपने कार्यकाल में मैंने उन्हें हटाया था और उन्होंने वीआरएस ले लिया था, लेकिन जैसे ही नए अध्यक्ष आए, वह दोबारा समिति में लौट आए। इसकी जांच भी की जानी चाहिए।
सच्ची श्रद्धा है तो कराओ जांच
पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान अध्यक्ष अगर वास्तव में भगवान बद्री विशाल और बाबा केदारनाथ के प्रति सच्ची श्रद्धा रखते हैं, तो उन्हें उनके उठाए गए सभी मुद्दों की जांच करवानी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि वेतन वृद्धि मामले को लेकर जांच से पीछे हटने वाले लोग ही असली सच से डरते हैं।
