देहरादून में ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट 2025 के शुभंकर ‘हेमू’ का अनावरण करते वन मंत्री सुबोध उनियाल।
देहरादून। उत्तराखंड इस बार देश के सबसे बड़े फॉरेस्ट स्पोर्ट्स इवेंट की मेजबानी करने जा रहा है। ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट 2025 का आयोजन 12 से 16 नवंबर तक देहरादून में किया जाएगा। इसमें देशभर से वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हिस्सा लेंगे। इस आयोजन में करीब 1000 से अधिक प्रतिभागियों के पहुंचने की उम्मीद है।

गुरुवार को वन मंत्री सुबोध उनियाल ने देहरादून में इस स्पोर्ट्स मीट के लोगो और शुभंकर का अनावरण किया। शुभंकर का नाम “हेमू” रखा गया है, जो हिमालय के दुर्लभ वन्य जीव हिम तेंदुआ (Snow Leopard) से प्रेरित है। शुभंकर का उद्देश्य खिलाड़ियों और दर्शकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य को इस आयोजन की मेजबानी मिलना गर्व की बात है। यह न सिर्फ खेलों का उत्सव होगा, बल्कि यह प्रकृति और वन संरक्षण के संदेश को भी दूर तक ले जाएगा। इस मीट में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और शूटिंग समेत कई खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

‘हेमू’ शुभंकर इस आयोजन का आकर्षण बनने जा रहा है। हिम तेंदुए को शुभंकर बनाकर उत्तराखंड ने एक मजबूत संदेश दिया है, “खेल और पर्यावरण दोनों साथ-साथ।”इस आयोजन से देहरादून में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है और राज्य की वन संपदा को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी।
