बेरोजगार संघ अध्यक्ष राम कंडवाल ने गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान के भतीजे की आउटसोर्सिंग भर्ती पर लगाए गंभीर आरोप।
देहरादून। उत्तराखंड में बेरोजगारी का मुद्दा अब और भी गर्मा गया है। बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने गंगोत्री से भाजपा विधायक सुरेश चौहान के भतीजे को बिना विज्ञप्ति और इंटरव्यू के आउटसोर्सिंग के जरिए 35,000 की नौकरी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

राम कंडवाल ने कहा कि राज्य में एक ओर लाखों युवा नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं, वहीं सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों को बिना किसी प्रक्रिया के सीधे नौकरी दी जा रही है, जो बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस नियुक्ति की जांच कर कार्रवाई करे।
इस मामले के सामने आने के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष ने भी सरकार पर पारदर्शिता की कमी और पक्षपात के आरोप लगाए हैं। वहीं, सरकार की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

गौरतलब है कि इससे पहले बेरोजगार संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आभार जताया था, जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई थी। अब इस नए आरोप ने मामले को और तूल दे दिया है।
