उत्तराखंड बेरोजगार संघ के पदाधिकारियों ने सीएम धामी से मुलाकात कर आभार जताया, राजनीतिक बयानबाजी तेज।
देहरादून। उत्तराखंड में बेरोजगारी के मुद्दे पर सियासत एक बार फिर गर्मा गई है। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर बेरोजगार युवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार का आभार जताया। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।

भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विरोधियों ने युवाओं के कंधों पर रखकर बंदूक चलाने का काम किया था, लेकिन आज युवाओं का मुख्यमंत्री से मिलना विरोधियों के लिए करारा जवाब है। भाजपा का कहना है कि सरकार ने बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया और लगातार समाधान की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि किसी ने भी छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर चलाने का काम नहीं किया है। जब छात्र सड़कों पर आंदोलन कर रहे थे, तब जनप्रतिनिधियों ने उनकी मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से समाधान की बात कही थी। बेरोजगारी जैसे अहम मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच इस बयानबाजी ने राज्य में राजनीतिक माहौल को और भी गरमा दिया है।

