मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करनदीप राणा के परिवार को दिलाया हरसंभव सहायता का भरोसा।
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मर्चेंट नेवी में कार्यरत राज्य के निवासी करनदीप सिंह राणा के लापता होने की खबर पर गहरी चिंता जताई है। मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए करनदीप के परिजनों को हर संभव मदद और सहयोग का भरोसा दिया है।

सीएम धामी ने करनदीप सिंह राणा के पिता से दूरभाष पर बातचीत कर कहा कि राज्य सरकार उनके बेटे की सुरक्षा और शीघ्र वापसी को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने बताया कि इस मामले में राज्य सरकार लगातार केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय के संपर्क में है ताकि जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से स्वयं बात करने का निर्णय लिया है, ताकि मामले में त्वरित कार्रवाई हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि करनदीप की सुरक्षित वापसी राज्य सरकार की “सर्वोच्च प्राथमिकता” है।

सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार, केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ इस दिशा में तेजी से काम कर रही हैं। उन्होंने करनदीप के परिवार से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
