गुप्तकाशी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीमांत क्षेत्र विकास परिषद के गठन की घोषणा की और बाल वैज्ञानिकों को नवाचार के लिए प्रेरित किया।
गुप्तकाशी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चतुर्थ सीमांत पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में सुविधाओं और सेवाओं के विस्तार के लिए राज्य में “सीमांतक्षेत्रविकासपरिषद” के गठन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब सीमांत जनपदों में नवाचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहाँ आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय आयोजन का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने बाल वैज्ञानिकों से जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक जल संसाधन एवं संरक्षण, आपदा प्रबंधन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और ऊर्जा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। सीएम धामी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से सीमांत जनपदों के बच्चों को न केवल नई दिशा मिलेगी बल्कि उन्हें देश के वैज्ञानिक विकास में योगदान का अवसर भी प्राप्त होगा।
विज्ञान और नवाचार पर सीएम धामी का फोकस

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवाचार, अनुसंधान और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊँचाइयां छू रहा है। विज्ञान की नई तकनीकों के बल पर भारत अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि देहरादून में देश की पाँचवीं “साइंससिटी” बनने जा रही है, जो उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।
मुख्यमंत्री की घोषणाएँ:-
- सीमांत क्षेत्र विकास परिषद का गठन
- सीमांत जनपदों में नवाचार केंद्रों की स्थापना
- रुद्रप्रयाग में आपदा प्रबंधन केंद्र के निर्माण की कार्ययोजना
- पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बणसू जाखधार के लिए 50 लाख की स्वीकृति
सम्मान और नवाचार:
इस अवसर पर पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, उद्यमी इंद्र सिंह रावत और सीमांत सेवा फाउंडेशन के डॉ. पाटनी को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने यूकॉस्ट की रुद्रप्रयाग डैशबोर्ड पुस्तक का विमोचन भी किया। इस जीआईएस आधारित रिमोट सिस्टम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़ी सूचनाएँ एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
महोत्सव की थीम:
“जलवायु परिवर्तन अनुकूलन रणनीतियाँ तथा आपदा जोखिम प्रबंधन एकीकरण”
इस थीम का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर चर्चा को बढ़ावा देना और आपदा जोखिम कम करने के लिए ठोस रणनीतियाँ विकसित करना है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे:-
विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, उपाध्यक्ष महिला बाल विकास ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे, सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, एडीएम श्याम सिंह राणा, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य तिलक सिंह सहित कई अधिकारी और गणमान्य नागरिक।
