चंपावत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने 43 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
चंपावत। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चंपावत जिले के विकास के लिए एक बड़ा ऐलान करते हुए 115.23 करोड़ की 43 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन जीजीआईसी (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज) चंपावत में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 51.37 करोड़ की 22 योजनाओं का लोकार्पण और 63.86 करोड़ की 21 योजनाओं का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “आदर्शचंपावत” के विज़न को साकार करने की दिशा में ये योजनाएं मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर क्षेत्र में संतुलित और गुणवत्तापूर्ण विकास सुनिश्चित करना है। सीएम धामी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिन योजनाओं की आधारशिला रखी गई है, उन्हें तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि चंपावत जिला उत्तराखंड की आत्मा है और हम इसे राज्य का मॉडल जिला बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं के साथ बैठकर भोजन भी किया और उनसे शिक्षा व अन्य विषयों पर बातचीत की।सीएम ने जीजीआईसी ऑडिटोरियम में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत आत्मनिर्भर भारत, नशा मुक्त समाज, स्वच्छता, जल संरक्षण और आदर्श चंपावत निर्माण को लेकर डिजिटल हस्ताक्षर भी किए।

मुख्य योजनाएं जिनका लोकार्पण व शिलान्यास हुआ:-
- ग्रामीण एवं शहरी सड़कों का निर्माण और मरम्मत।
- पेयजल एवं स्वच्छता से जुड़ी परियोजनाएं।
- शिक्षा व स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत संरचना का विस्तार।
- पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़ी योजनाएं।
सीएम धामी का विजन:-
- “मॉडलजिलाचंपावत” बनाना
- युवाओं को रोजगार के अवसर देना
- शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं को सशक्त बनाना
- महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना
इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, अनिल डब्बू, शंकर कोरंगा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अचला बोहरा और सीमा आर्या, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा और पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
