वायरल संक्रमण की आशंका के बाद अल्मोड़ा स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव में जांच अभियान चला रही हैं।
अल्मोड़ा। जनपद के धौलादेवी ब्लॉक में बीते कुछ दिनों में अचानक वायरल संक्रमण के मामले बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्र तिवारी ने पुष्टि की है कि ब्लॉक में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है।

सीएमओ ने बताया कि इनमें दो लोगों की मौत हार्ट अटैक से हुई है, जबकि पांच मौतें संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग का अनुमान है कि इन मौतों के पीछे वायरल संक्रमण की भूमिका हो सकती है। प्रभावित इलाकों से 11 सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जिनमें से तीन सैंपल टाइफाइड पॉज़िटिव पाए गए हैं।
तेज़ी से फैलते संक्रमण को देखते हुए विभाग ने 16 सब-सेंटरों में आशा कार्यकर्ता, सीएचओ और फार्मासिस्ट की टीमें तैनात कर दी हैं। इन टीमों को प्रभावित गांवों में सर्वे और स्वास्थ्य जांच की जिम्मेदारी दी गई है।

गौरतलब है कि जब मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया, तब जाकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की ढिलाई के कारण ही स्थिति गंभीर हुई है। इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्टों में मौतों का आंकड़ा 9 तक पहुंचने की बात भी कही जा रही है, जो स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। साथ ही संदिग्ध जल स्रोतों की जांच और संक्रमण की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
