उत्तराखण्ड पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने चंपावत में बाणासुर पैराग्लाइडिंग ज़ोन और गोलज्यू कॉरिडोर का निरीक्षण किया।
चंपावत। उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग के सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल सोमवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर चंपावत पहुँचे। उन्होंने जनपद को पर्यटन की दृष्टि से राज्य का आदर्श गंतव्य बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया और विकास कार्यों की प्रगति का जायज़ा लिया।

सचिव ने अपने निरीक्षण की शुरुआत स्प्रिचुअल ज़ोन के प्रस्तावित स्थल से की। इसके बाद वह लोहाघाट पहुँचे, जहाँ उन्होंने कोलीढेक झील और बाणासुर किला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बाणासुर क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग ज़ोन विकसित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह क्षेत्र साहसिक पर्यटन का केंद्र बन सकता है।
उन्होंने कहा कि चंपावत में प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व का अनोखा संगम है। इन स्थलों के समुचित विकास से यहां देश-विदेश से पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा। इसके बाद सचिव गर्ब्याल ने जिलाधिकारी मनीष कुमार के साथ गोलज्यू कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने इसके डिज़ाइन, निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोलज्यू कॉरिडोर धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा और क्षेत्र की पहचान को और मजबूत करेगा।

उन्होंने बालेश्वर मंदिर के संरक्षण, प्रसाद वितरण व्यवस्था में सुधार, गौरलचौड़ मैदान में ओपन एयर थिएटर की स्थापना और खेल सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। सचिव ने कहा कि पर्यटन और खेल के समन्वित विकास से स्थानीय युवाओं को रोजगार और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, एसडीएम अनुराग आर्य, तहसीलदार जगदीश नेगी, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, अधिशासी अभियंता एम. सी. पलड़िया, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
