त्योहारों से पहले हल्द्वानी नगर निगम ने कालाढूंगी रोड और बाजार क्षेत्र में फुटपाथ खाली कराने के लिए अभियान चलाया।
हल्द्वानी। त्योहारों के सीजन को देखते हुए नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में बनी अतिक्रमण विरोधी टीम ने बुधवार को कालाढूंगी रोड, मुखानी रोड और बाजार क्षेत्र में फुटपाथों पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की।

टीम ने फुटपाथ पर सामान रखे दुकानदारों को तत्काल सामान हटाने की चेतावनी दी। इसके साथ ही मुनादी (घोषणा) कर वाहन चालकों को निर्धारित स्थानों पर ही गाड़ियां पार्क करने के लिए जागरूक किया गया। निगम टीम ने साफ कहा कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए हैं, इन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने यह अभियान लगातार चलाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

टीम ने इस दौरान कई दुकानों के आगे रखे सामान को हटवाया और फुटपाथों को खाली कराया। साथ ही राहगीरों से भी अपील की गई कि वे यातायात में बाधा न डालें और स्वच्छ शहर अभियान में सहयोग करें। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि शहर को साफ-सुथरा और सुगम बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि त्योहारों के दौरान भी यातायात और पैदल आवाजाही में किसी तरह की दिक्कत न हो।
