ऊधम सिंह नगर में STF की कार्रवाई — नानकमत्ता से तस्कर गिरफ्तार, 151 ग्राम हेरोइन बरामद।
रुद्रपुर। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस ने ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता क्षेत्र में 45 लाख रुपये की हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (कुमाऊं यूनिट) ने थाना नानकमत्ता पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर यह सफलता हासिल की। इस दौरान लालपुर इलाके से बलदेव सिंह पुत्र रंजीत सिंह निवासी कैलाखेड़ा को दबोचा गया। तलाशी में आरोपी के पास से 151.17 ग्राम हेरोइन और बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक बरामद की गई।
पूछताछ में बलदेव सिंह ने बताया कि उसे यह हेरोइन नानकमत्ता के प्रिंस सिंह ने दी थी। जांच में पता चला कि प्रिंस सिंह की मां सुरेंद्र कौर उर्फ जमुना पहले से ही नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद है। बलदेव सिंह के खिलाफ रामपुर (यूपी) और उत्तराखंड में कई आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।

एसटीएफ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में बड़े नेटवर्क की जानकारी मिली है और जल्द ही इसमें शामिल अन्य तस्करों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि नशे से दूर रहें और यदि कहीं भी अवैध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत STF या पुलिस को सूचना दें।
