पंतनगर विश्वविद्यालय में किसान मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आधुनिक तकनीक और योजनाओं की जानकारी साझा की।
पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित 118वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान सीएम ने पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नई दलहनी प्रजातियों का लोकार्पण किया और ‘पंतनगर प्रवाह’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया।

किसानों के लिए आधुनिक तकनीक का मंच
सीएम धामी ने कहा कि इस वर्ष के किसान मेले में 400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 200 से अधिक स्टॉल देशभर से आए स्टार्टअप्स, उद्योगों और उद्यमियों द्वारा लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत बीजों, नवीनतम यंत्रों और शोधों से रूबरू कराते हैं। सीएम ने कहा कि इन मेलों के माध्यम से किसान पारंपरिक खेती के साथ वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर अपनी उपज को और लाभकारी बना सकते हैं।

पॉलीहाउस योजना में 200 करोड़ का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नहरों से सिंचाई को पूरी तरह मुफ्त कर किसानों को बड़ी राहत दी है। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने के लिए पॉलीहाउस निर्माण हेतु ₹200 करोड़ का प्रावधान किया गया है। अब तक 115 करोड़ की सहायता से करीब 350 पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं। सरकार किसानों को ग्रेडिंग और सॉर्टिंग यूनिट्स के लिए भी अनुदान दे रही है ताकि उनकी उपज का मूल्य बेहतर मिल सके।
पीएम योजनाओं से किसानों को नई ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत “विकसित राष्ट्र” के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने किसानों को बड़ी सौगात देते हुए 24 हजार करोड़ रुपये की “पीएम धन धान्य कृषि योजना” और 11,500 करोड़ रुपये की “दलहन उत्पादकता मिशन” योजना की शुरुआत की है।
समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून पर खुला संवाद
इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि राज्य में लागू समान नागरिक संहिता (UCC) किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि समाज में समानता और समरसता स्थापित करने का संवैधानिक कदम है। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून और यूसीसी लागू कर उत्तराखंड एक आदर्श राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है।
कार्यक्रम में जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की छात्राओं पूजा जोशी, नीति शर्मा और छात्र निध अवस्थी ने क्रमशः UCC, किसान मेले की प्रगति और नकल विरोधी कानून पर विचार साझा किए। वहीं ‘स्मृद्धि किसान उत्पादक संगठन’ की सीमा रानी ने अपनी सफल खेती का अनुभव बताया।
मंच पर कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, विधायक शिव अरोड़ा, त्रिलोक सिंह चीमा, सुरेश गारिया, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित कई अधिकारी और किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान कुलपति ने सीएम धामी को UCC और नकल विरोधी कानून लागू करने के लिए धन्यवाद दिया।
