मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विभाग के दुर्गम क्षेत्रों में तैनात कर्मियों को राहत देने के लिए आवास भत्ता स्वीकृत किया।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एक बार फिर अपने कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। वन विभाग के अंतर्गत दुर्गम क्षेत्रों में तैनात वनकर्मियों को अब आवासीय भत्ता दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे वनकर्मी प्रदेश की बहुमूल्य वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा में दिन-रात कठिन परिस्थितियों में डटे रहते हैं। दूरस्थ चौकियों पर तैनाती के दौरान उन्हें अपने परिवार से दूर रहना पड़ता है और आवास की समस्या बड़ी चुनौती बन जाती है। इसी को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है कि जिन दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सामान्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां तैनात वनकर्मियों को आवासीय भत्ता अनुमन्य किया जाएगा।

दुर्गम क्षेत्रों की होगी पहचान
सरकार अब वित्त विभाग की सहमति से ऐसे दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों की पहचान करेगी, जहां यह सुविधा लागू की जाएगी। इस पहल से न सिर्फ वन विभाग के कर्मचारियों को राहत मिलेगी, बल्कि दुर्गम इलाकों में कार्य करने की उनकी क्षमता और प्रेरणा भी बढ़ेगी।

वनकर्मियों ने जताया आभार
वन विभाग के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से उन्हें अपने परिवारों की देखभाल में मदद मिलेगी और वे प्रदेश की वन संपदा की रक्षा में और अधिक समर्पण के साथ कार्य कर सकेंगे।
राज्य सरकार की संवेदनशील पहल
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बीते कुछ समय में कई कर्मचारी हितैषी निर्णय लिए हैं। इस फैसले से स्पष्ट है कि सरकार न सिर्फ विकास बल्कि कर्मचारी कल्याण को भी प्राथमिकता दे रही है।
