तीर्थ पुरोहितों की नाराज़गी के बीच सीएम धामी से मिले हेमंत द्विवेदी
देहरादून। बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी पर बढ़ते विरोध के बीच अब घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है। तीर्थ पुरोहितों और केदार सभा की नाराज़गी के बाद हेमंत द्विवेदी शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर मिले। माना जा रहा है कि यह मुलाकात स्थिति को शांत करने और बढ़ते विवाद को थामने की कोशिश का हिस्सा है। हाल के दिनों में द्विवेदी पर केदारनाथ धाम के पुजारियों और पुरोहितों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

केदार सभा और महापंचायत ने जताया विरोध
केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों की संस्था केदार सभा पहले ही द्विवेदी को पद से हटाने की मांग कर चुकी है। आज उत्तराखंड चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के उपाध्यक्ष आचार्य संतोष त्रिवेदी ने भी हेमंत द्विवेदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके हटाए जाने की मांग दोहराई। आचार्य त्रिवेदी ने कहा कि मंदिर समिति में निर्णय प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और स्थानीय पुरोहितों की आवाज़ को अनसुना किया जा रहा है।

सीएम धामी कर सकते हैं बड़ा फैसला
लगातार बढ़ते विवाद के बीच हेमंत द्विवेदी की सीएम से मुलाकात को डैमेज कंट्रोल की कवायद माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार इस मुद्दे पर सभी पक्षों को सुनने के बाद बड़ा निर्णय ले सकती है। तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
