रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में पूर्व सभासद के पुत्र की मौत, परिवार में मातम।
हल्द्वानी। शुक्रवार को करवाचौथ की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पूर्व सभासद के पुत्र की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

दोस्त के बर्थडे से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला टेड़ा रोड निवासी प्रशांत सिंह रावत (37) पुत्र कृपाल सिंह रावत बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपने दोस्त के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से निकले थे। रात करीब 10:45 बजे जब वह पीरूमदारा से घर लौट रहे थे, तभी नया गांव तेलीपुरा के पास उनकी बाइक सामने से आ रही एक दूसरी बाइक से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद 112 वाहन और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन उपचार के दौरान प्रशांत की मौत हो गई।
करवाचौथ से पहले टूटा परिवार
हादसे के वक्त प्रशांत ने घर फोन कर बताया था कि वह लौट रहे हैं। पत्नी और परिवार के लोग करवाचौथ पर्व के लिए तैयारी कर रहे थे और उनकी राह देख रहे थे। लेकिन कुछ देर बाद जो फोन आया, उसने सबकी दुनिया उजाड़ दी। शुक्रवार को करवाचौथ का त्योहार मनाने के बजाय परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी की। प्रशांत की मौत की खबर से पूरा इलाका गमगीन हो गया।
परिवार और इलाके में शोक
मृतक की माता विमला देवी पूर्व में नगर पालिका की सभासद रह चुकी हैं। प्रशांत अपनी पत्नी, माता-पिता और डेढ़ साल की बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गया है। हादसे में घायल दूसरा युवक भरत सिंह, मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के मौलेखाल का रहने वाला है और पीरूमदारा में रहता था। उसका उपचार काशीपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है।
स्थानीय विश्राम घाट पर प्रशांत का अंतिम संस्कार किया गया, जहां सैकड़ों लोग मौजूद थे। लोग नम आंखों से उस हंसमुख और मिलनसार युवक को विदाई दे रहे थे, जो कुछ देर पहले तक मुस्कुराते हुए जिंदगी का जश्न मना रहा था।
