हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र से पकड़े गए दो युवक, अवैध तमंचे और कारतूस के साथ पुलिस की गिरफ्त में।
हरिद्वार। हाल के दिनों में बढ़ रही फायरिंग घटनाओं के मद्देनज़र हरिद्वार पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में सिडकुल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है।

फिल्मी स्टाइल में ‘कालीन भैया’ बनने की चाह
पुलिस जांच में एक हैरान करने वाली बात सामने आई, पकड़े गए एक आरोपी के गले पर ‘315’ का टैटू गुदा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, युवक खुद को “मिर्जापुर” सीरीज के कालीन भैया की तरह पहचान देना चाहता था और इसी सोच के तहत हथियारों का शौक पाल रखा था।

शौक से शुरू हुआ कारोबार, पहुंच गए जेल
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे शौकिया तौर पर हथियार रखते थे, लेकिन धीरे-धीरे अवैध बिक्री के जरिए कमाई करने लगे। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि ये हथियार आखिर कहां से लाए जा रहे थे और इनके तार कहां तक जुड़े हैं।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि जिले में अवैध असलहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को गैरकानूनी तरीके से हथियार रखने या बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
“The End” एक फिल्मी कहानी का
पुलिस की इस कार्रवाई ने एक फिल्मी कहानी का अंत जरूर कर दिया, लेकिन अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। हरिद्वार पुलिस अब जिलेभर में और भी कड़े स्तर पर निगरानी बढ़ाने जा रही है, ताकि असलहों के इस गैरकानूनी कारोबार को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
