रुड़की के मंगलौर में प्रशासन ने नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री को सील कर दिया। भारी मात्रा में सामग्री बरामद हुई।
रुड़की। रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में प्रशासन ने देर रात एक ऐसी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जहां नकली पनीर बनाया जा रहा था। इस कार्रवाई में कई क्विंटल नकली पनीर और अन्य सामग्री बरामद की गई। सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से यह फैक्ट्री नकली पनीर तैयार कर रही थी। नायब तहसीलदार यूसुफ अली को फैक्ट्री पर शक हुआ और उन्होंने खुद मौके पर जाकर जांच की।

बरामदगी और कार्रवाई
छापेमारी के दौरान प्रशासन ने दो ड्रम में पनीर, बड़ी मात्रा में मिल्क पाउडर और रिफाइंड तेल बरामद किया। सूचना मिलते ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र सेठ और खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय मौके पर पहुंचे। टीम ने रातभर सैंपलिंग और सामग्री की जांच की।

प्रशासन का कड़ा संदेश
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र सेठ ने कहा कि यह प्रशासन की बड़ी कार्रवाई है। नायब तहसीलदार यूसुफ अली की सतर्कता से मामला पकड़ा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जनता के स्वास्थ्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो।
फैक्ट्री सील और दोषियों की तलाश जारी
फिलहाल फैक्ट्री को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। फैक्ट्री में काम कर रहे सभी लोग मौके से फरार हो गए हैं और उनकी तलाश जारी है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
