बेरोजगार संघ ने परीक्षा रद्द करने की मांग पर सरकार को 11 अक्टूबर तक का समय दिया
देहरादून। उत्तराखंड में 21 सितंबर को आयोजित हुई UKSSSC परीक्षा को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। परीक्षा को लेकर लगातार विरोध और आरोपों के बीच अब राजनीतिक दबाव भी बढ़ने लगा है। शुक्रवार को बीजेपी विधायकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर परीक्षा रद्द करने की मांग उठाई। वहीं, उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने भी सरकार को 11 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम देते हुए साफ चेतावनी दी है कि यदि परीक्षा रद्द नहीं होती है तो राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।

सरकार पर बढ़ता जनदबाव
UKSSSC परीक्षा को लेकर कई अभ्यर्थियों ने अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। यही कारण है कि बेरोजगार संघ और छात्र संगठनों का आंदोलन लगातार तेज़ होता जा रहा है। अब सरकार पर युवाओं का दबाव इतना बढ़ गया है कि परीक्षा रद्द होने की पूरी संभावना बन रही है। सूत्रों के अनुसार, इस पर सरकार किसी भी समय बड़ा निर्णय ले सकती है।

बीजेपी विधायकों की सीएम धामी से मुलाकात
शुक्रवार को कई बीजेपी विधायकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर परीक्षा रद्द करने की मांग रखी। मुलाकात के दौरान विधायकों ने कहा कि युवाओं के आक्रोश को देखते हुए परीक्षा रद्द कर दोबारा निष्पक्ष परीक्षा कराना ही एकमात्र समाधान है। इसे लेकर जल्द ही सरकार कोई फैसला ले सकती है।
बेरोजगार संघ का अल्टीमेटम
उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने प्रेस नोट जारी करते हुए कहा है कि यदि 11 अक्टूबर की शाम तक परीक्षा रद्द नहीं की जाती है तो युवाओं और अभिभावकों की एक बड़ी बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। महासचिव सजेंद्र कठैत ने कहा कि अब युवाओं का सब्र टूट चुका है और सरकार को इस बार गंभीरता से निर्णय लेना होगा।

क्रेडिट पॉलिटिक्स भी शुरू
राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को क्रेडिट पॉलिटिक्स के रूप में देखा जा रहा है। बेरोजगार संघ और विपक्ष का दबाव पहले से था, अब सत्तारूढ़ दल के विधायक भी सरकार से खुलकर मांग कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा रद्द होने की संभावनाएं और भी प्रबल हो गई हैं।
आगामी रणनीति पर नजर
अब सबकी निगाहें 11 अक्टूबर पर टिकी हैं। बेरोजगार संघ ने साफ कर दिया है कि यदि तब तक सरकार ने कोई फैसला नहीं लिया तो आंदोलन की दिशा और तेज़ होगी। वहीं, सीएम धामी भी इस मामले में गंभीर बताए जा रहे हैं और किसी भी समय परीक्षा को लेकर अहम घोषणा हो सकती है।
