चौखुटिया में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे पूर्व विधायक महेश नेगी।
अल्मोड़ा। चौखुटिया में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मचे हड़कंप के बीच ‘ऑपरेशन स्वास्थ्य’ का असर अब राजनीति के गलियारों तक पहुंच गया है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की खराब स्थिति को लेकर नाराजगी इतनी बढ़ गई है कि पूर्व विधायक महेश नेगी खुद अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में डॉक्टरों और स्टाफ की कमी, एंबुलेंस सुविधा की दिक्कत और स्वास्थ्य केंद्रों में लापरवाही जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। लोगों का दबाव और आक्रोश अब सड़कों पर उतर आया है। पूर्व विधायक महेश नेगी ने धरने के दौरान कहा कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चौखुटिया की जनता को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी ही चाहिए। उन्होंने सरकार और विभाग पर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
धरने में स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। भीड़ ने अस्पतालों में तैनाती बढ़ाने, 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने और इमरजेंसी सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की। राजनीतिक हलकों में इस धरने को बड़ा सियासी संकेत माना जा रहा है क्योंकि महेश नेगी सत्ताधारी दल से ही जुड़े हैं और उनका इस तरह खुलकर विरोध करना सरकार के लिए चुनौती बन सकता है।

