क्वारब में भूस्खलन से बाधित मार्ग को राहत देने के लिए चौसली-डोबा रूट पर युद्धस्तर पर निर्माण कार्य शुरू।
अल्मोड़ा। क्वारब में भूस्खलन के कारण बंद पड़े मुख्य रास्ते के लिए अब एक नई राह तैयार हो रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) विभाग ने चौसली–डोबा मार्ग पर वैकल्पिक रूट के निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। इस परियोजना की निगरानी वरिष्ठ इंजीनियर अशोक कुमार चौधरी स्वयं कर रहे हैं।

लंबे समय से भूस्खलन से परेशान यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए यह पहल राहत की बड़ी उम्मीद लेकर आई है। मुख्य मार्ग बाधित होने के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब चौसली-डोबा रूट को अपग्रेड कर क्वारब के लिए एक सुरक्षित डाइवर्ट रोड तैयार किया जा रहा है।
कॉन्ट्रैक्टर की टीम ने काम की रफ्तार बढ़ा दी है और पूरे मार्ग पर मलबा हटाने, चौड़ीकरण और सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विभाग का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द इस वैकल्पिक मार्ग को यात्रियों के लिए खोल दिया जाए।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वैकल्पिक रूट के शुरू होने से क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था दोबारा सुचारू होगी और पर्यटन, व्यापार एवं आपातकालीन सेवाएं भी फिर से सक्रिय हो जाएंगी।

