रुद्रपुर में बिजली कटौती से नाराज़ कांग्रेस कार्यकर्ता अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
रुद्रपुर। शहर में पिछले कई दिनों से चल रही बिजली कटौती ने लोगों को परेशान कर रखा है। इसी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारियों और पार्षदों ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता के कार्यालय का घेराव किया और जमकर विरोध जताया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ज़रा सी हवा या बारिश होने पर भी घंटों बिजली गुल हो जाती है, जिससे पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के सीजन में इस तरह की लगातार बिजली कटौती से आम जनता, दुकानदारों और व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा और संजय जुनेजा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता अधीक्षण अभियंता के दफ्तर पहुंचे और बिजली समस्या पर तत्काल समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेसजन बेमियादी धरना और आंदोलन शुरू करेंगे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली कटौती से शहर में रहने वाले बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस मौके पर परिमल राय, सौरभ बेहड़, गौरव खुराना, इंद्रजीत सिंह, मोनिका ढाली, सुमित राय, जितेश शर्मा, रिज़वान, उमा सरकार, बेबी सिकदार, मधु सिकदार और परवेश कुरैशी सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।
