उत्तराखंड पुलिस के आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह को संयुक्त राष्ट्र से जुड़े अंतरराष्ट्रीय संगठन में चयनित किया गया है।
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के लिए गर्व का क्षण है। राज्य के तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह का चयन संयुक्त राष्ट्र (UN) से संबद्ध एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। वे वर्तमान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पौड़ी गढ़वाल के पद पर कार्यरत हैं।

यह चयन एक कठिन और प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के जरिए किया गया, जिसमें दुनिया के कई देशों के योग्य अधिकारी शामिल हुए थे। लोकेश्वर सिंह की मेहनत, ईमानदारी और पेशेवर निष्ठा ने उन्हें इस प्रतिष्ठित अवसर तक पहुंचाया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निभाएंगे अहम भूमिका

अब वे अपनी नई भूमिका में Institutional Integrity (संस्थागत अखंडता), Peacebuilding (शांति स्थापना) और Sustainable Development (सतत विकास) जैसे वैश्विक लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे। यह जिम्मेदारी न केवल उनके करियर का नया अध्याय है, बल्कि भारत के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय प्रभाव की भी मिसाल है।
उत्तराखंड पुलिस में उल्लेखनीय सेवाएं
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह ने पिछले 11 वर्षों में उत्तराखंड पुलिस की कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ जैसे जिलों में उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं। अपने कुशल नेतृत्व और संवेदनशील पुलिसिंग के लिए वे हमेशा चर्चा में रहे हैं। वर्तमान में वे पौड़ी जिले में एसएसपी के तौर पर कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को मजबूत बनाए हुए हैं।
भारत और उत्तराखंड के लिए सम्मान
उनकी यह नियुक्ति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उत्तराखंड और भारत दोनों के लिए गर्व का विषय है। संयुक्त राष्ट्र से जुड़े इस संगठन में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए वे वैश्विक स्तर पर देश की छवि को और मजबूत करेंगे। जल्द ही वे राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय को औपचारिक अनुमति आवेदन भेजेंगे। अनुमति मिलने के बाद वे उत्तराखंड कैडर से कार्यमुक्त होकर अपनी नई अंतरराष्ट्रीय भूमिका का दायित्व संभालेंगे।
