मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लैंसडाउन में शहीद सम्मान समारोह के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद परिवारों को सम्मानित किया।
लैंसडाउन। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को लैंसडाउन (पौड़ी गढ़वाल) में आयोजित शहीद सम्मान समारोह में प्रतिभाग कर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि लैंसडाउन की यह पवित्र भूमि अमर शहीदों की वीरगाथाओं से गूंजती है। देश आज सुरक्षित है तो उन्हीं वीर सपूतों की बदौलत। सीएम ने अमर शहीद गब्बर सिंह नेगी मेमोरियल में पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया और शहीद परिवारों को ताम्रपत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

शहीदों की मिट्टी से बनेगा गौरवशाली सैन्य धाम
कार्यक्रम में सीएम ने विभिन्न जनपदों के शहीदों के आंगन की मिट्टी से भरे ताम्र कलशों के सामने दीप प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने कहा कि सैन्य धाम केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं बल्कि यह हमारे वीरों की आत्मा का प्रतीक है। साथ ही कहा कि देहरादून में बन रहा यह भव्य सैन्य धाम उत्तराखंड के हर शहीद के आंगन की पवित्र मिट्टी से निर्मित होगा।

शहीद परिवारों के लिए राहत और नई घोषणाएं
सीएम धामी ने शहीदों के परिजनों और सैनिक कल्याण के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं—
- शहीद परिवारों को अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख
- परमवीर चक्र विजेताओं को 1.5 करोड़
- शहीद के अंतिम संस्कार हेतु 10,000 की सहायता राशि
- भूमि क्रय पर सैनिकों को 25% स्टांप ड्यूटी में छूट
- कोटद्वार सैनिक विश्राम गृह का जीर्णोद्धार व आधुनिकीकरण
- जयहरीखाल PHC का उच्चीकरण
- वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों के लिए कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना
स्कूलों और सड़कों का नाम शहीदों के नाम पर
सीएम ने शिक्षा संस्थानों और सड़कों का नामकरण शहीदों के नाम पर करने की घोषणाएं भी कीं—
- जीआईसी कर्तिया → शहीद कमल सिंह रावत
- हाईस्कूल डोबरियासार → शहीद अनुज सिंह नेगी
- बरुआ-चिणबो मार्ग → शहीद केशवानंद ध्यानी
- जयहरीखाल-गुमखाल मार्ग → शहीद खुशाल सिंह नेगी
- पीएचसी जयहरीखाल → शहीद हरीश जोशी के नाम पर
शहीद सम्मान यात्रा 2.0 का हुआ भव्य समापन
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि शहीद सम्मान यात्रा-2.0 का लैंसडाउन में सफल समापन हुआ। 25 सितंबर से शुरू हुई इस यात्रा के दौरान 71 शहीदों के आंगन की पवित्र मिट्टी एकत्र की गई, जिसे सैन्य धाम की अमर जवान ज्योति में स्थापित किया जाएगा।
“एक पेड़ शहीदों के नाम” अभियान का आह्वान
सीएम ने जनता से “एक पेड़ शहीदों के नाम” लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जैसे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने पर्यावरण जागरूकता बढ़ाई, वैसे ही यह अभियान देशभक्ति और बलिदान के प्रतीक के रूप में नई प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई गणमान्य
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक दिलीप सिंह रावत, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी लोकेश्वर सिंह, मेयर शैलेन्द्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में शहीद परिवार, सेना अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
