जसपुर क्षेत्र में गुलदार के हमलों से दहशत, ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की
जसपुर। उधमसिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में इन दिनों गुलदार का खौफ बढ़ता जा रहा है। पिछले 20 दिनों के भीतर गुलदार चार से ज्यादा लोगों पर हमला कर चुका है। लगातार हो रही घटनाओं ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है।

शुक्रवार रात फिर हुआ हमला
शुक्रवार देर रात गुलदार ने एक बार फिर हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, दो युवक बाइक से गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में गुलदार ने उन पर झपट्टा मार दिया। युवकों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया।

गांव में फैला डर और चिंता
लगातार हमलों के चलते गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।
वन विभाग का बयान
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या ने बताया कि जंगल में बाघों की संख्या बढ़ने के कारण गुलदार आबादी वाले इलाकों में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। ग्रामीणों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
दहशत में जी रहे ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही गुलदार पर काबू नहीं पाया गया तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
