देहरादून में आयोजित प्राइड मूवमेंट सम्मान समारोह में आपदा राहत कर्मियों को सम्मानित करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में अर्पित फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्राइडमूवमेंटसम्मानसमारोह में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और आईटीबीपी के जांबाज कर्मियों को सम्मानित किया। छात्रों ने भी मुख्यमंत्री का नकल-विरोधी कानून लागू करने पर खास स्वागत किया और आभार जताया।

उत्तराखंड की चुनौतियाँ और आपदाओं की पीड़ा
सीएम धामी ने कहा कि जब उत्तराखंड की बात होती है, तो केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आस्था ही नहीं, बल्कि यहां की भौगोलिक कठिनाइयाँ और हर साल आने वाली आपदाओं की चुनौतियाँ भी सामने आ जाती हैं।
उन्होंने याद दिलाया –

- 2013 की केदारनाथ आपदा
- 2021 की चमोली की ऋषिगंगा त्रासदी
- 2023 का जोशीमठ धंसाव
- 2024-25 में उत्तरकाशी, चमोली और देहरादून में आई भारी बारिश, भूस्खलन और अतिवृष्टि
इन सभी घटनाओं ने प्रदेश और देश को झकझोर दिया।
राहतकर्मियों ने संकट में भरोसा जगाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की घड़ी में सबसे बड़ी चुनौती मानव जीवन की रक्षा करना होती है। इस दौरान राहतकर्मियों ने दिन-रात ग्राउंड जीरो पर काम करके प्रभावित लोगों को बचाया। उन्होंने सिल्क्यारा टनल में फंसे मजदूरों के बचाव अभियान का जिक्र किया और कहा कि उस समय पूरे देश की नजर उत्तराखंड पर थी। बाबा बौखनाग के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन से अभियान सफल हुआ।
आपदा केवल घर नहीं तोड़ती, आत्मविश्वास भी तोड़ती है
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा केवल इमारतें और सड़कें ही नहीं तोड़ती, बल्कि लोगों के आत्मविश्वास और भविष्य को भी चोट पहुंचाती है। इसलिए सरकार ने सिर्फ मुआवजा देने तक खुद को सीमित नहीं किया, बल्कि पीड़ितों के पुनर्वास और आजीविका पर भी ध्यान दिया है।
आपदा प्रबंधन में तकनीक और प्रशिक्षण
सीएम धामी ने बताया कि सरकार ने आपदा प्रबंधन के लिए ड्रोन, सैटेलाइट आधारित मॉनिटरिंग, आधुनिक रेस्क्यू गियर एसडीआरएफ को उपलब्ध कराए हैं।
- आपदा मित्र योजना: गांव-गांव में युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
- डिजास्टर रेजिलिएंट तकनीक: सड़कों और पुलों के निर्माण में अनिवार्य की गई है।
- स्कूल-कॉलेजों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण: ताकि आने वाली पीढ़ी आपदाओं का डटकर सामना कर सके।
पीएम मोदी और गृह मंत्री का आभार
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने स्वयं देहरादून आकर आपदा पीड़ितों से मुलाकात की, उनकी समस्याएँ सुनीं और 1200 करोड़ की विशेष राहत पैकेज की घोषणा की।
कार्यक्रम में रही खास मौजूदगी
इस मौके पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, स्वामी रूपेन्द्र प्रकाश, श्री कृष्ण गिरी महाराज, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरूगेशन और कार्यक्रम की संयोजक हनी पाठक समेत कई लोग उपस्थित रहे।
