उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी जारी।
देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने जानकारी दी है कि प्रदेश में 5 अक्टूबर की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से अगले तीन दिन यानी 5, 6 और 7 अक्टूबर को उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम बिगड़ सकता है।

भारी बारिश का अलर्ट
वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस दौरान उत्तरकाशी, देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और पौड़ी गढ़वाल समेत कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। तेज बारिश के चलते मैदानी क्षेत्रों में जलभराव और पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
इसके अलावा, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 4,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दौरान बर्फबारी हो सकती है। इससे चारधाम यात्रा मार्गों और ऊंचाई वाले गांवों में ठंड का असर और अधिक बढ़ जाएगा।
सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी रास्तों पर सफर करने वालों और चारधाम यात्रा से जुड़े श्रद्धालुओं को एहतियात बरतने को कहा गया है। स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट रहने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
