जौलजीबी–मुनस्यारी मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस विधायक हरीश धामी का बड़ा बयान
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में जौलजीबी–मुनस्यारी मोटरमार्ग की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है और आए दिन गाड़ियों के फंसने से यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय टम्टा को एक पत्र लिखकर सड़क की तुरंत मरम्मत करने की मांग उठाई है।

विधायक हरीश धामी ने साफ कहा है कि अगर सड़क सुधार का काम जल्द शुरू नहीं हुआ तो स्थानीय जनता के साथ मिलकर वे 14 अक्टूबर को जौलजीबी–मुनस्यारी मार्ग पर चक्का जाम आंदोलन करेंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क से रोजाना सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं। पर्यटन की दृष्टि से भी यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन लापरवाही के चलते यह सड़क हादसों को दावत दे रही है।

